पंचकूला। किसान संगठनों के प्रतिनिधियों द्वारा 26 को हरियाणा के राज्यपाल के नाम अपनी मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपने के प्रस्तावित कार्यक्रम के मद्देनजर जिला और पुलिस प्रशासन ने जिले में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापक प्रबंध किए हैं। इस संबंध मेें अतिरिक्त उपायुक्त मोहम्मद इमरान रजा और किसान प्रतिनिधियों के बीच लघु सचिवालय के सभागार में एक बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस उपायुक्त मोहित हांडा भी उपस्थित थे।
बैठक के उपरांत मोहम्मद इमरान रजा ने बताया कि कल विभिन्न किसान संगठनों के प्रतिनिधि नाडा साहिब गुरुद्वारा से पैदल मार्च निकाल कर हाउसिंग बोर्ड चौक पर ज्ञापन सौंपेंगे। उन्होंने कहा कि बैठक में किसान संगठनों से अपील की गई है कि वे पैदल मार्च के दौरान कानून व्यवस्था को बनाए रखें और किसी भी हालत में जान व माल की हानि न होने दें। इस दौरान वे जिला व पुलिस प्रशासन का सहयोग करें। उन्होंने कहा कि किसान संगठनों को इस दौरान कोविड-19 के निर्देशों का पालना सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है।
एडीसी ने बताया कि किसानों को विशेष रूप से सचेत किया गया है कि वे अपने प्रस्तावित कार्यक्रम के दौरान असामाजिक तत्वों पर निगाह रखें, ताकि कोई पैदल मार्च की आड़ में शांति व्यवस्था को भंग करने का प्रयास न करें। साथ ही यह भी सुनिश्चित करें कि जिलेवासियों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो और न ही यातायात व्यवस्था प्रभावित हो। अतिरिक्त उपायुक्त ने बताया कि किसान संगठनों के प्रतिनिधियों ने उन्हें आश्वस्त किया है कि वे पैदल मार्च के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखेंगे और जिला प्रशासन व पुलिस प्रशासन का पूरा सहयोग करेंगे।