चंडीगढ़। वन एवं वन्यजीव सुरक्षा विभाग ने सात महीने के दौरान एक हजार से अधिक कर्मचारियों की सेवाएं नियमित की हैं। वर्ष 2023 में बनाई गई नीति के तहत 10 वर्ष की सेवा पूरी कर चुके 519 अन्य वरिष्ठ कर्मचारियों को नियमित करने का प्रस्ताव वित्त, कार्मिक और कानूनी सलाहकार विभाग को भेजा गया है। वन एवं वन्यजीव सुरक्षा मंत्री लाल चंद कटारूचक्क ने बुधवार को फॉरेस्ट वर्कर्स यूनियन के प्रतिनिधियों के साथ बैठक के दौरान यह बात कही।
यूनियन प्रतिनिधियों की पिछले वर्ष 30 जुलाई को नियुक्ति पत्र प्राप्त करने वाले कर्मचारियों के वेतन जारी करने की मांग पर विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने मंत्री को बताया कि इस संबंध में एकीकृत मानव संसाधन प्रबंधन प्रणाली की आईडी अपडेट कर दी गई हैं और शीघ्र ही वेतन जारी कर दिया जाएगा। मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कर्मचारियों को समय पर भुगतान और वितरण सुनिश्चित किया जाए ताकि उन्हें किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
मंत्री ने यूनियन की अन्य मांगों पर कहा कि विभागीय कर्मचारियों के हितों की रक्षा करना सरकार की प्राथमिकता है और शीघ्र ही उनकी सभी मांगों को पूरा किया जाएगा।