रत्ताटिब्बी-मीरपुर मार्ग पर 15 स्थानों पर पड़े मिले मुर्गे, ग्रामीणों ने जताई संक्रमण की आशंका
समाजसेवी ने उच्चस्तरीय जांच और कार्रवाई की मांग उठाई, खुले में पड़े मृत मुर्गों से फैल रही दुर्गंध
संवाद न्यूज एजेंसी
रायपुररानी। रत्ताटिब्बी से मीरपुर गांव को जोड़ने वाले मार्ग पर सड़क किनारे बड़ी संख्या में मृत मुर्गे मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। समाजसेवी संदीप मीरपुर के अनुसार मार्ग पर करीब 15 अलग-अलग स्थानों पर 300 से अधिक मृत मुर्गे खुले में फेंके गए हैं। इससे दुर्गंध फैल रही है और ग्रामीणों में संक्रमण फैलने की आशंका बढ़ गई है।
संदीप मीरपुर ने कहा कि खुले में मृत मुर्गों का इस तरह पड़े रहना जनस्वास्थ्य और पर्यावरण दोनों के लिए गंभीर खतरा है। उन्होंने आरोप लगाया कि संबंधित विभागों की लापरवाही के कारण अब तक मृत मुर्गों का निस्तारण नहीं किया गया, जिससे राहगीरों और आसपास के ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने प्रशासन से मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने, मृत मुर्गों का तत्काल वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण करने और उन्हें खुले में फेंकने वालों की पहचान कर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।
संदीप मीरपुर का कहना है कि यदि समय रहते उचित कदम नहीं उठाए गए तो स्थिति और गंभीर हो सकती है। ग्रामीणों ने भी प्रशासन से जल्द हस्तक्षेप कर समस्या का समाधान करने की मांग की है।