मोहाली। करवाचौथ के मौके पर शहर के बाजारों में खरीदारी का उत्साह देखते ही बन रहा है। फेज-3बी1, फेज-4, फेज-7, फेज-1 और फेज-5 के बाजारों में भीड़ और दुकानों की रौनक ने त्योहार का माहौल बना दिया। इस रौनक के बीच ट्रैफिक जाम और पार्किंग की समस्या लोगों के लिए बड़ी चुनौती बन गई। स्थानीय निवासी और खरीदार बता रहे हैं कि बाजार में स्टॉल और रेहड़ियों की वजह से पार्किंग की जगह नहीं मिल रही। कई लोग घंटों गाड़ी खड़ी करने के लिए जगह ढूंढते नजर आए, जिसकी वजह से जाम की स्थिति बन गई। महिलाओं और परिवारों ने जाम के कारण खरीदारी में परेशानी महसूस की।
दुकानों में सामान लाना मुश्किल
स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि त्योहार के दिन भीड़ पहले से कहीं ज्यादा थी, जिससे न सिर्फ ट्रैफिक जाम लगा बल्कि कई दुकानदार अपनी दुकान तक सामान भी सही समय पर नहीं ला पाए। कई जगह छोटी गलियों में भीड़ के चलते लोगों को चलने-फिरने में भी दिक्कत हुई।
पुलिस ने कंट्रोल की कोशिश की
ट्रैफिक पुलिस ने कुछ मुख्य मार्गों पर नियंत्रण की कोशिश की लेकिन भीड़ इतनी अधिक थी कि कई जगह जाम लगा रहा। स्थानीय लोगों का सुझाव है कि आने वाले त्योहारों में पार्किंग और यातायात व्यवस्था में सुधार किया जाए ताकि खरीदारी और त्योहार का आनंद दोनों सहज रूप से लिया जा सके।