इंद्रधनुष ऑडिटोरियम में संविधान सम्मान समारोह में शिरकत करने के बाद राहुल गांधी टैंपो से मोहाली पहुंचे
दीपक शाही
पंचकूला। मोदी का टैंपो अडानी वाला, देश की संपत्ति लुटाने वाला, भ्रष्टाचार फैलाने वाला। मेरा टैंपो युवाओं और जवानों वाला। उन्हें रोजगार और न्याय दिलाने वाला, गरीब परिवारों तक समृद्धि पहुंचाने वाला है। यह जानकारी कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने पंचकूला से दिल्ली पहुंचने के बाद ट्वीट कर दिया। राहुल गांधी पंचकूला से बुधवार को सेक्टर-5 इंद्रधनुष ऑडिटोरियम में संविधान सम्मान समारोह से बाहर निकलने के बाद एक टैंपो में सवार होकर निकले। इस बीच उनके पीछे-पीछे लोग फोटो और वीडियो बनाने के लिए भागते नजर आए। राहुल ने पंचकूला से मोहाली तक टैंपो में सफर किया। उनके साथ कुछ लोग भी सवार थे। कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी बाई रोड मोहाली पहुचे। इससे पूर्व राहुल गांधी ने इंद्रधनुष ऑडिटोरियम में लोगों को संबोधित कर भाजपा पर आरोप लगाए थे। प्रतियुत्तर में भाजपा नेता और हरियाणा के विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता ने कहा राहुल गांधी का शो पंचकूला में फ्लॉप हो गया है। प्रधानमंत्री की दावेदारी ठोकने वाले राहुल एक हजार आदमी भी पंचकूला में नहीं जुटा पाए हैं। इसलिए राजनीतिक स्टंट पर उतारू हो गए हैं। उन्होंने कहा यह सबको पता है कि 25 मई को हरियाणा में चुनाव हैं। राहुल गांधी आगे प्रचार नहीं कर पाएंगे। इसलिए 1 जून को होने वाले चुनाव प्रचार के लिए पहले ही वीडियो शूट करवा लिया।