माई सिटी रिपोर्टर
पंचकूला। जिला प्रशासन और 7वीं बटालियन नेशनल डिजास्टर रिस्पांस फोर्स (एनडीआरएफ) भटिंडा के सहयोग से 28 नवंबर की सुबह 10:30 बजे लघु सचिवालय सेक्टर-1 में भूकंप आपदा पर एक मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी। उपायुक्त सुशील सारवान ने मंगलवार को लघु सचिवालय के सभागार में मॉक ड्रिल आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने माॅक ड्रिल के दौरान पुलिस, फायर, होमगार्ड और नागरिक सुरक्षा, स्वास्थ्य, आपदा प्रबंधन, लोक निर्माण विभाग और एनडीआरएफ के साथ-साथ समाज सेवी संगठनों, एनजीओ और एनसीसी की भी भागीदारिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि लघु सचिवालय में लगे सायरन को सुबह और शाम नियमित तौर पर बजाया जाना चाहिए ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि वह सही वर्किंग कंडीशन में हैं। किसी भी आपातकालीन स्थिति में लोगों को सचेत करने के लिए सक्षम हैं जिला पंचकूला जोन 4 में आता है। प्रशासन और एनडीआरएफ के बीच आपसी सहयोग और तालमेल बनाए रखने के लिए माॅक ड्रिल का आयोजन किया जा रहा है। बैठक में बताया गया कि हरियाणा 7वीं बटालियन एनडीआरएफ के अंतर्गत आता है।
यह भटिंडा में स्थित है। हरियाणा में 7वीं बटालियन एनडीआरएफ के दो क्षेत्रीय प्रतिक्रिया केंद्र हैं, एक रोहतक और दूसरा एचएमटी पिंजौर में है। इस अवसर पर सीटीएम राजेश पूनिया, डीआरओ डाॅ. कुलदीप सिंह, एसीपी अरविंद कंबोज, पंचकूला के परियोजना अधिकारी सौरव धीमान, 7वीं बटालियन एनडीआरएफ के इंस्पेक्टर अशित कुमार, लोक निर्माण विभाग के एसडीओ डीके राठी सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।