जल निकासी, टाइल्स गुणवत्ता और सफाई व्यवस्था सुधारने के सख्त निर्देश
संवाद न्यूज़ एजेंसी
रायपुररानी। कालका विधानसभा क्षेत्र की विधायक शक्तिरानी शर्मा ने रायपुररानी स्थित अनाज मंडी का निरीक्षण किया। इस दौरान मंडी परिसर में कई खामियां सामने आने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाते हुए व्यवस्था में तत्काल सुधार के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान सबसे गंभीर समस्या जल निकासी की सामने आई। इस पर विधायक ने स्पष्ट चेतावनी दी कि बरसात के दौरान मंडी में जलभराव की स्थिति किसी भी हालत में स्वीकार नहीं की जाएगी।
उन्होंने हाल ही में लगाए गए टाइल्स कार्य का भी जायजा लिया। कई स्थानों पर टाइल्स धंसी हुई और असमान स्तर पर मिलीं, जबकि उनके बीच घास उग आई थी। इस पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए इसे कार्य में लापरवाही बताया और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
विधायक ने मंडी परिसर में स्थित कैंटीन का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध सुविधाओं की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि खरीद प्रक्रिया के दौरान किसानों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए और उनकी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए।
इसके अलावा सफाई व्यवस्था, जल निकासी और अन्य मूलभूत सुविधाओं को दुरुस्त करने के लिए संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि आगामी सीजन से पहले सभी व्यवस्थाएं पूरी तरह ठीक कर ली जाएं, ताकि किसानों को परेशानी न हो।
इस मौके पर विधायक ने रायपुर थाने के एसएचओ प्रीतम सिंह द्वारा अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की सराहना की और कहा कि ऐसी पहल से व्यवस्था में सुधार आता है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि जनहित से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी अधिकारियों को जिम्मेदारी के साथ कार्य करना होगा।