मानसिक रूप से अस्वस्थ युवक को सेक्टर-10 से सकुशल बरामद कर परिजनों को सौंपा
संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। सेक्टर-10 पुलिस चौकी की टीम ने तत्परता दिखाते हुए लापता युवक को महज कुछ ही घंटों में सकुशल बरामद कर परिजनों को सौंप दिया। युवक की मानसिक स्थिति ठीक न होने से परिजन बेहद चिंतित थे। पंचकूला निवासी युवक 10 अप्रैल की सुबह करीब 9:30 बजे बिना बताए घर से चला गया था। परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस पोस्ट सेक्टर-10 के इंचार्ज पीएसआई रवि प्रकाश के नेतृत्व में टीम ने तुरंत कार्रवाई शुरू की। आसपास के क्षेत्रों में सघन सर्च अभियान चलाया गया और संभावित स्थानों पर लगातार जांच की गई।
तलाश के दौरान पुलिस टीम ने युवक को सेक्टर-10 स्थित बूथ मार्केट से सकुशल बरामद कर लिया। पहचान सुनिश्चित करने के बाद उसे सुरक्षित परिजनों के हवाले कर दिया गया। बेटे के सकुशल मिलने पर परिवारजनों ने पंचकूला पुलिस का आभार जताया और उनकी तत्परता की सराहना की। पुलिस की इस कार्रवाई से एक बार फिर आमजन के प्रति उसकी संवेदनशीलता और सक्रियता सामने आई है।