पंचकूला। अमरावती क्षेत्र से लापता हुए 10 वर्षीय बच्चे को पंचकूला पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए कुछ ही घंटों में सकुशल बरामद कर परिजनों के हवाले कर दिया। जानकारी के अनुसार, चोखी ढाणी आवासीय परिसर में रहने वाले एक परिवार का बच्चा अचानक लापता हो गया था। परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद अमरावती पुलिस चौकी में सूचना दी गई। चौकी इंचार्ज प्रीतम सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तलाश अभियान शुरू किया और बच्चे की फोटो विभिन्न व्हाट्सएप ग्रुपों में साझा कर लोगों से सहयोग मांगा। डीसीपी अदिति सिंह ने बताया कि पुलिस के त्वरित प्रयासों से बच्चा कुछ ही घंटों में नजदीकी गांव में मिल गया। पूछताछ में सामने आया कि बच्चा खेलते-खेलते रास्ता भटक गया था। पुलिस ने उसे सुरक्षित परिजनों को सौंप दिया। बच्चे के मिलने पर परिवार ने राहत की सांस ली और पुलिस का आभार जताया।