पंचकूला। सेक्टर-20 अनाज मंडी में नशा सप्लाई करने की सूचना पर एंटी नारकोटिक सेल की टीम ने एक युवक को 401 ग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान चंडीगढ़ के मनीमाजरा स्थित न्यू इंदिरा कॉलोनी निवासी अनिल कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना सेक्टर-20 में केस दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, दो नवंबर को पुलिस को सूचना मिली थी कि अनिल कुमार सेक्टर-20 अनाज मंडी में नशा सप्लाई करता है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मंडी में दबिश दी। दोपहर करीब 2:10 बजे पानी की टंकी के पास दीवार के नजदीक खड़े आरोपी को काबू किया गया। तलाशी लेने पर उसकी पैंट की जेब से चरस बरामद हुई। पुलिस ने चरस को कब्जे में लेकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। मामले की आगामी जांच जारी है।