चंडीगढ़। पंजाब के ग्रामीण क्षेत्रों में फिर से मिनी बस सेवा शुरू करने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने परिवहन विभाग के अधिकारियों को इस संबंधी मसौदा तैयार करने और सर्वेक्षण करने का निर्देश दिया है।मुख्यमंत्री कार्यालय में शुक्रवार को परिवहन विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की अध्यक्षता करते हुए भगवंत मान ने कहा कि राज्य सरकार ने ग्रामीण क्षेत्रों में मिनी बस सेवा फिर शुरू करने की योजना बनाई है, जिससे लोगों को आवाजाही के लिए सुविधा मिले और पढ़े-लिखे नौजवान बस परमिट लेकर अपना रोजगार चला सकें। मान ने परिवहन विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वह इस स्कीम का मुकम्मल मसौदा तैयार करने और इस संबंधी पंजाब भर में एक सर्वेक्षण करवाएं जिससे संभावित रूटों की निशानदेही की जा सके।
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने परिवहन विभाग के अधिकारियों के साथ धार्मिक स्थानों के लिए विशेष बस सेवा शुरू करने के बारे में भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि पंजाब में धार्मिक स्थानों के दर्शनों के लिए बहुत श्रद्धालु आते हैं और आवाजाही का पुख्ता प्रबंध न होने के कारण उनको दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। श्रद्धालुओं की दिक्कत दूर करने के लिए कोई कसर बाकी नहीं छोड़ी जाएगी।