संवाद न्यूज एजेंसी
राजपुरा। राजपुरा के सैदखेड़ी रोड पर स्थित महावीर कॉलोनी में एक प्रवासी परिवार की किराने की दुकान भीषण आग की चपेट में आकर पूरी तरह जलकर राख हो गई। इस हादसे में जान-माल का नुकसान होने से बचाव रहा, लेकिन परिवार का लाखों रुपये का आर्थिक नुकसान हो गया है। परिवार पिछले करीब आठ सालों से दुकान चला रहा था।
पीड़ित दुकान मालिक राजिंदर और उनकी पत्नी शांति ने बताया कि आग लगने के कारण करीब 4 से 5 लाख रुपये का किराने का सामान, फ्रिज और पंखा पूरी तरह नष्ट हो गए हैं। इसके अलावा मनाई जाने वाली छठ पूजा के लिए रात को ही 80 हजार रुपये का नया सामान लाया गया था, वह भी आग की भेंट चढ़ गया। दुकान में रखी 80 हजार रुपये की नकद राशि भी जल गई।
फायर ब्रिगेड ने एक घंटे बाद पाया काबू
रोजाना की तरह रविवार रात दुकान बंद करके परिवार घर चला गया था। सोमवार को तड़के इलाके के किरायेदारों ने दुकान से धुआं निकलता देखा और तुरंत मालिक राजिंदर को सूचित किया। जब शटर खोला गया तो अंदर आग ने भयानक रूप धारण कर लिया था। तुरंत फायर ब्रिगेड को बुलाया गया, जिसने मौके पर पहुंचकर एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
पीड़ित प्रवासी परिवार ने पंजाब सरकार से मदद की गुहार लगाई
सालों की पूंजी एक ही झटके में राख हो जाने के बाद, राजिंदर और उनकी पत्नी ने पंजाब सरकार और समाजसेवी संस्थाओं से अपील की है। उन्होंने मांग की है कि इस मुश्किल घड़ी में उनकी वित्तीय सहायता की जाए।
फोटो27पीटीएल02- आग लगने संबंधी जानकारी देते दुकानदार व आग से जलकर राख हुआ सामान