पंजाब यूनिवर्सिटी के यूबीएस ने एमबीए में एडमिशन करने की तैयारी कर ली है। इसके लिए शेड्यूल भी जारी कर दिया है। 18 दिसंबर से आवेदन होंगे और 31 जनवरी, 2020 तक आवेदन की आखिरी तारीख है। इसकी फीस 4 फरवरी तक जमा करनी होगी। विभाग ने पीयू की वेबसाइट पर यह जानकारी अपलोड कर दी है।
पीयू के यूबीएस से एमबीए करने का अपना अलग महत्व है। यहां की रैकिंग काफी अच्छी रही है। वर्ल्ड रैंकिंग में भी पिछले साल 15वां स्थान मिला था और आउटलुक रैंकिंग में भी इस बार अच्छा प्रदर्शन किया। इसमें 18वीं रैंक हासिल हुई है। इसी कारण यूबीएस से एमबीए करने के लिए तमाम स्टूडेंट्स लाइन में होते हैं। यहां आसानी से एडमिशन भी नहीं मिल पाता।
इसके लिए मेरिट आदि का प्रावधान होता है। यूबीएस विभाग ने रविवार को सामान्य एमबीए, एमबीए एंटरप्रेन्योर, एमबीए हूमन रिसॉर्स, एमबीए इंटरनेशनल बिजनेस में एडमिशन का शेड्यूल जारी किया है। दो साल के इन कोर्स के लिए 18 दिसंबर से आवेदन ऑनलाइन होंगे। 4 फरवरी तक स्टूडेंट्स को फोटोग्राफ, सिग्नेचर आदि अपलोड करने होंगे। 14 फरवरी को यूबीएस कार्यालय में स्टूडेंट्स को सभी अभिलेखों की हार्ड कॉपी जमा करनी होगी।
एंटरप्रेन्योर कोर्स की अधिक डिमांड
यूबीएस विभाग ने पिछले साल ही एमबीए एंटरप्रेन्योर का कोर्स शुरू किया है। इसकी काफी डिमांड है। इस कोर्स को करने के बाद यही युवा कंपनी आदि खोल सकेंगे और दूसरे युवाओं को रोजगार देंगे। विभाग इस कोर्स के विद्यार्थियों को बैठाने के लिए अलग से भवन ले रहा है। हालांकि अभी तक वह खाली नहीं हो पाया है। इसके लिए प्रयास किए जा रहे हैं। अगले साल सफलता मिल जाएगी। विद्यार्थियों के बैठने के लिए कोई दिक्कतें नहीं होंगी।
एमबीए एंटरप्रेन्योर, हूमन रिसॉर्स, इंटरनेशनल बिजनेस में एडमिशन का शेड्यूल जारी कर दिया गया है। इसके लिए स्टूडेंट्स ऑनलाइन अप्लाई कर सकते हैं।
-- प्रो. दीपक कपूर, चेयरमैन यूबीएस