पंचकूला। नगर निगम के मेयर कुलभूषण गोयल के सेक्टर-6 को नगर निगम ने कैटल फ्री कर दिया है। निगम की टीम ने 15 दिन कड़ी मशक्कत कर सेक्टर-6 में घूम रहे 200 से अधिक लावारिस पशुओं को उठाकर माता मनसा देवी स्थित गोधाम गोशाला पहुंचाया। हालांकि शहर को कैटल फ्री बनाने के लिए विधिवत शुरूआत 7 फरवरी से होगा। मेयर कुलभूषण गोयल ने बताया कि इस कार्य को अंजाम देने की तैयारी पूरी कर ली गई है।
निगम की एक टीम गठित की गई है, जो कैटल को पकड़ कर सुखदर्शनपुर गोशाला पहुंचाएगी। उन्होंने दावा किया है कि तीन माह में शहर को पूरी तरह कैटल फ्री बना दिया जाएगा। इस कार्य के लिए शहरवासियों का भी सहयोग लिया जाएगा। मेयर कुलभूषण गोयल ने बताया कि लावारिस पशुओं को लेकर उनके पास लगातार शिकायतें आ रही हैं। जिले में पशुओं के चलते कई हादसे भी हुए हैं। यही कारण है कि निकाय चुनाव के दौरान संकल्प पत्र में भी इस मुद्दे को शामिल किया गया था, जिसे पूरा करने के लिए कार्य शुरू कर दिया गया है।
उन्होंने बताया कि सुखदर्शनपुर गोशाला में 12 सौ लावारिस पशुओं को रखने क्षमता है। इसके अलावा शहर में स्थित अन्य गोशालाओं में भी लावारिस पशुओं को रखा जाएगा। कुलभूषण गोयल ने बताया कि इस कार्य को जनवरी माह में ही शुरू करना था, लेकिन सुखदर्शनपुर गोशाला में कुछ कार्य होना बाकी रह गया था, जिसे अब पूरा कर लिया गया है। यही कारण है कि 7 फरवरी से शहर में निगम लावारिस पशुओं को उठाकर सुखदर्शनपुर गोशाला पहुंचाने का कार्य करेगा।