पंचकूला के खड़क मंगोली में कबाड़ की दुकान में लगी आग।
दमकल कर्मियों ने घंटों की मशक्कत के बाद आग पर पाया काबू, नुकसान का आकलन जारी
संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। खड़क मंगोली में शनिवार देर रात एक कबाड़ की दुकान में अचानक भीषण आग लग गई। आग की सूचना मिलते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पुलिस की डायल-112 टीम और फायर ब्रिगेड के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और आग बुझाने में जुट गए।
कबाड़ में लगी आग के कारण धुएं का गुबार दूर-दूर तक दिखाई दिया, जिससे आसपास के लोग दहशत में आ गए। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग को आसपास के क्षेत्र में फैलने से रोका। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
पुलिस और प्रशासन की टीमें भी मौके पर मौजूद रहीं। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। वहीं दुकान में हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।