कालका। टिपरा कॉलोनी में नकाबपोशों द्वारा विभिन्न वारदातों को अंजाम देने का मामला प्रकाश में आया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। आरोपियों ने सो रही बलबीर कौर नाम महिला की बाली चुरा लीं।
घटना की जानकारी देते हुए बलबीर कौर ने बताया कि उनके घर के सभी सदस्य रात को सो गए थे। सुबह के समय चोरों ने घर की दीवार फांद कर घर के मेन दरवाजे की जाली काट अंदर से कुंडा खोल घर में प्रवेश किया। घर के एक कमरे में उनकी बहु और बेटा सो रहे थे जबकि दूसरे कमरे में उनकी बड़ी बहु सो रही थी। चोरों ने दोनों के कमरों का कुंडा लगा दिया। इसके बाद बाद चोर उसके कमरे में प्रवेश कर गए। चोरों ने उसके कान की एक बाली सहित उसके पर्स में पड़े पैसे उड़ा लिए। सुबह के समय चोरी होने की जानकारी लगी। उन्होंने बताया कि मामले की सूचना पुलिस को दे दी गई है।
कार में लगे म्यूजिक सिस्टम को निकालने की कोशिश
उधर, युवक कल्याण को-ऑपरेटिव हाऊस बिल्डिंग सोसाइटी टिपरा के सचिव कुलदीप शर्मा बताया कि उनके घर के सामने एक कार खड़ी होती है। बुधवार तड़के साढ़े तीन बजे उन्हें कार के लॉक खुलने की आवाज उन्हें सुनाई दी। आवाज सुन वह गैलरी में निकले तो उन्होंने देखा कि कार का शीशा टूटा हुआ था। एक नकाबपोश युवक कार के अंदर बैठा और एक बाहर खड़ा था। बताया कि कार के अंदर बैठा नकाबपोश कार के अंदर लगे म्यूजिक सिस्टम को निकालने की फिराक में था। शोर मचाने पर दोनों भाग गए।
कोट
मामले की जांच की जा रही है, जल्द आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा। -कमलजीत सिंह, एसएचओ कालका