डोडा में आतंकवादियों से लोहा लेते हुए 11 नवंबर 1995 को दिया था सर्वोच्च बलिदान, सेना की टुकड़ी ने दिया गार्ड ऑफ ऑनर रक्तदान शिविर लगाकर दिया सेवा का संदेश
संवाद न्यूज एजेंसी
बरवाला। पंचकूला-यमुनानगर राष्ट्रीय राजमार्ग-7 पर स्थित गांव जलौली में शहीद कैप्टन रोहित कौशल का 31वां शहीदी दिवस श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाया गया। उनके स्मारक स्थल पर पुष्पांजलि अर्पित कर वीर सपूत के सर्वोच्च बलिदान को याद किया गया। भारतीय सेना की 16वीं सिख रेजीमेंट की टुकड़ी ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर देकर सैन्य सम्मान प्रदान किया।
इस अवसर पर पंचकूला नगर निगम के मेयर श्यामलाल बंसल, पार्षद रोहित चौधरी, जिला सैनिक बोर्ड के हरिंदर सिंह, सेना के अधिकारी, शहीद की माता वीणा कौशल, विद्यालय की प्रिंसिपल पुष्पा देवी, विनोद विशिष्ठ सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों और क्षेत्रवासियों ने श्रद्धासुमन अर्पित किए। विद्यालय के विद्यार्थियों एवं स्टाफ ने शहीद के जीवन और वीरता पर संस्मरण प्रस्तुत किए।
शहीद कैप्टन रोहित कौशल ने 11 नवंबर 1995 को जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में आतंकवादियों से मुठभेड़ के दौरान मातृभूमि की रक्षा करते हुए सर्वोच्च बलिदान दिया था। उनका जन्म 5 अगस्त 1968 को अंबाला कैंट में हुआ था। वे अपने सैनिकों का नेतृत्व करते हुए हमेशा अग्रिम पंक्ति में रहते थे।
उनकी स्मृति को चिरस्थायी बनाने के लिए पैतृक गांव में स्मारक बनाया गया, जिसका अनावरण 1997 में तत्कालीन राज्यपाल महावीर प्रसाद ने किया था। गांव के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, सामुदायिक केंद्र और सार्वजनिक पार्क का नाम भी उनके सम्मान में रखा गया है।
कार्यक्रम में रक्तदान शिविर का आयोजन भी किया गया। मेयर श्यामलाल बंसल ने कहा कि युवाओं को शहीदों के जीवन से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देना चाहिए। शहीद का जीवन त्याग, नेतृत्व, साहस और देशभक्ति की ऐसी मिसाल है, जो आने वाली पीढ़ियों को सदैव प्रेरित करती रहेगी।