अमर उजाला ब्यूरो
पटियाला। श्री गुरु तेग बहादुर के 350वें शहीदी दिवस पर पंजाब के 23 जिलों में श्री गुरु साहिब के जीवन पर आधारित लाइट एंड साउंड (हिंद दी चादर) कवि दरबार आयोजित किए जाएंगे। पंजाब के चार बड़े शहरों श्री आनंदपुर साहिब, श्री अमृतसर साहिब, बाबा बकाला और पटियाला की जबरदस्त लाइटिंग होगी। यह जानकारी कैबिनेट मंत्रियों हरभजन सिंह ईटीओ व तरुणप्रीत सिंह सौंद ने दी। उन्होंने इस संबंध में जिले के विधायकों, अधिकारियों, काउंसलरों, व्यापारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। कैबिनेट मंत्री गुरुद्वारा श्री दुख निवारण साहिब और गुरुद्वारा श्री मोतीबाग साहिब में नतमस्तक हुए।
दोनों कैबिनेट मंत्रियों ने बताया कि पटियाला में पंजाब में 135 स्थल श्री गुरु तेग बहादुर साहिब की चरण छू प्राप्त हैं, जिनमें सबसे अधिक 35 स्थल पटियाला जिले में हैं। जिसके लिए 70 करोड़ रुपये की परियोजनाएं बनी हैं। यह दिवस 19 नवंबर से 25 नवंबर तक 6 दिन राज्य स्तरीय समारोह आयोजित कर मनाया जाएगा। चार स्थलों से यात्राएं श्री आनंदपुर साहिब के लिए रवाना होंगी। जिनमें गुरदासपुर से माझा, दोआबा से यात्रा सहित मालवा से दो यात्राएं बठिंडा और फरीदकोट से श्री आनंदपुर साहिब के लिए रवाना होंगी। जो प्रदेश के लगभग सभी जिलों व प्रमुख शहरों से होकर श्री आनंदपुर साहिब पहुंचेगी। 20 नवंबर को बठिंडा से चलने वाली मालवा-2 यात्रा रात में पटियाला पहुंचेगी और विश्राम करेगी।
श्री आनंदपुर साहिब में होने वाले धार्मिक समारोहों के बारे में बताया कि विरासत-ए-खालसा में 23 नवंबर को श्री अखंड पाठ साहिब की शुरुआत होगी, जिसमें पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान समेत देश-विदेश की प्रमुख हस्तियां, धार्मिक शख्सियतें शामिल होंगी। इसी दिन विरासत-ए-खालसा में मुख्यमंत्री पंजाब द्वारा श्री गुरु तेग बहादुर जी की अतुलनीय शहादत को दर्शाते डिजिटल प्रदर्शनी का उद्घाटन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि 24 नवंबर को एक विधानसभा का विशेष सत्र भी बुलाया जाएगा। इस अवसर पर निहंग सिंहों द्वारा मोहल्ला खालसा प्रदर्शनी की जाएगी। गुरु साहिब के जीवन और शिक्षाओं से संबंधित कवि दरबार, ढाडी, कविशरी कार्यक्रम आयोजित होंगे। इसी दिन ‘पंज प्यारों’ पार्क में ‘लाइट एंड साउंड और ड्रोन शो’ आयोजित किए जाएंगे।
कैबिनेट मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ ने बताया कि 25 नवंबर को शाम 7 बजे मिशाल-ए-शहादत की रोशनी में प्रदेश भर की सरकारी इमारतों को गुरु साहिब की शहादत को समर्पित करते हुए रोशन किया जाएगा। कैबिनेट मंत्री ने बताया कि श्री आनंदपुर साहिब में आने वाली संगत के लिए ठहरने के लिए टेंट सिटी और आवागमन के लिए ई-रिक्शा होंगे। कैबिनेट मंत्री ने बताया कि 5 सितंबर को आनंदपुर साहिब में रंगरेटे गुरु के बेटे भाई जैता जी की बन रही यादगार का उद्घाटन करके ये कार्यक्रम शुरू हो जाएंगे।