चंडीगढ़। कैबिनेट मंत्री श्री हरभजन सिंह ईटीओ ने शनिवार को श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी शताब्दी समारोहों को लेकर चल रही तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि श्री आनंदपुर साहिब को जोड़ने वाली 317 किलोमीटर सड़कों को 100 करोड़ रुपये की लागत से अपग्रेड किया जा रहा है जिससे श्रद्धालुओं की आवाजाही पूरी तरह सुगम होगी। साथ ही शहर की आंतरिक 127 किलोमीटर सड़कों का नवीनीकरण 49.32 करोड़ रुपये से किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि ऊर्जा-कुशल तकनीक के साथ 750 नए पोल लगाए गए हैं जो कम बिजली खपत के साथ अधिक रोशनी देंगे। गुरु नगरी को आने वाली सभी मुख्य सड़कों के नवीनीकरण का काम विभिन्न चरणों में चल रहा है। श्री आनंदपुर साहिब–गढ़शंकर मार्ग का 13 करोड़ रुपये की लागत से कार्य प्रगति पर है जो एक महत्वपूर्ण लिंक रोड है।
टेंट सिटी का निर्माण पूरा हो चुका है जहां सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इसकी ऑनलाइन बुकिंग पूरी तरह मुफ्त रहेगी ताकि हर श्रद्धालु आसानी से अपनी यात्रा की योजना बना सके। 24 नवंबर को होने वाला विशेष पंजाब विधानसभा सत्र भी गुरु जी को समर्पित होगा। उन्होंने विधानसभा सत्र से जुड़े कार्यों का मौके पर निरीक्षण किया और सभी कार्य समय पर पूरे करने के निर्देश दिए।