पंचकूला। पहली शादी छुपाकर दूसरी शादी करने के मामले में पुलिस ने हिसार निवासी आरोपी युवक को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई महिला थाना पुलिस ने की है। पुलिस ने आरोपी युवक को बुधवार को अदालत में पेश कर किया। अदालत ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
जानकारी के मुताबिक बीते 30 सितंबर को महिला थाना में पीड़िता युवती ने आरोपी युवक के खिलाफ मामला दर्ज कराया था। महिला थाने में दर्ज शिकायत में पंचकूलावासी एक युवती ने आरोप लगाया था कि वर्ष 2023 में उसकी मुलाकात युवक से हुई थी। बातचीत में युवक ने खुद को अविवाहित बताकर विश्वास जीत लिया और वर्ष 2025 में युवती से शादी कर ली। कुछ समय बाद युवती को पता चला कि आरोपी पहले से ही विवाहित है और उसके दो बच्चे भी हैं। इसके बाद युवती ने आरोपी के खिलाफ महिला थाना में मामला दर्ज कराया।
डीसीपी सृष्टि गुप्ता ने बताया कि शिकायत के आधार पर पहली पत्नी के रहते दूसरी शादी करना और महिला की लज्जा भंग करने संबंधी प्रावधानों के तहत आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। मामले की जांच महिला एएसआई कविता को सौंपी गई जिन्होंने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की। जांच के दौरान मिले तथ्यों और साक्ष्यों की पुष्टि होने पर आरोपी पर र्कारवाई की गई।