शक्ति भवन से ताऊ देवीलाल स्टेडियम तक रहेगा रूट ट्रैफिक पुलिस ने जारी की एडवाइजरी
संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। डॉ. भीमराव आंबेडकर जयंती के उपलक्ष्य में 14 अप्रैल को आयोजित मैराथन के चलते सुबह 6 बजे से 8 बजे तक शहर के कई प्रमुख मार्गों पर यातायात पूरी तरह बंद रहेगा। ट्रैफिक पुलिस ने इसको लेकर विशेष एडवाइजरी जारी की है।
पुलिस के अनुसार मैराथन का रूट सेक्टर-6 स्थित शक्ति भवन से शुरू होकर सेक्टर-8/9 लाइट प्वाइंट, सेक्टर-9/10 लाइट प्वाइंट, बस स्टैंड तवा चौक, सेक्टर-12/4 लाइट प्वाइंट और नेशनल हाईवे-5 (3/21 लाइट पाॅइंट) से होते हुए ताऊ देवीलाल स्टेडियम तक रहेगा। इस दौरान इन सभी मार्गों पर वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी।
ट्रैफिक पुलिस ने आमजन से अपील की है कि निर्धारित समय में इन मार्गों का उपयोग करने से बचें और वैकल्पिक रास्तों का सहारा लें। साथ ही यात्रा से पहले रूट प्लान करने और ट्रैफिक नियमों का पालन करने की सलाह दी गई है।
पुलिस ने एम्बुलेंस व अन्य आपातकालीन सेवाओं को प्राथमिकता देने की अपील करते हुए कहा कि मैराथन को सफल बनाने के लिए नागरिकों का सहयोग आवश्यक है।