पंचकूला। बॉलीवुड गायक सुरों के जादूगर अरिजीत सिंह की आवाज का जादू आज शहर में चलेगा। सेक्टर-5 के मेला ग्राउंड में उनका लाइव कंसर्ट आज शाम को छह बजे से रात 10 बजे तक चलेगा। इसके लिए पुलिस और प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। उनके कंसर्ट के लिए लोगों ने पहले से टिकटें ले खरीद ली हैं। इस म्यूजिकल इवनिंग में फैंस की भारी भीड़ होने के कारण पंचकूला पुलिस-प्रशासन ने भी पहले से ही पूरी तैयारी कर ली हैं। पुलिस कमिश्नर राकेश कुमार आर्य और उपायुक्त मुकेश मल्होत्रा की अगुआई में ट्रैफिक व्यवस्था के लिए ट्रैफिक प्लान बनाकर एडवाइजरी भी जारी कर दी गई है। शहर के कुछ रास्तों को बंद करने अलावा ट्रैफिक रूट भी डाइवर्ट किया गया है। यातायात निरीक्षक अरुण बिश्नोई ने बताया कि 16 फरवरी की दोपहर 12 बजे से सेक्टर-10/4 के पास तवा चौक से गोपाल चौक (शालीमार ग्राउंड), सांकला चौक (बेलाविस्टा) से गीता गोपाल चौक तक के रास्ते बंद रहेंगे। इसके लिए लोगों को दूसरे रास्तों का इस्तेमाल करना पड़ेगा।
चंडीगढ़ और रामगढ़ के लिए यह रूट
पुलिस विभाग के अनुसार चंडीगढ़ की ओर जाने के लिए हाउसिंग बोर्ड चौक, सिंघ द्वार, चंडीमंदिर टैंक चौक और रामगढ़ और बरवाला जाने के लिए पुराना पंचकूला लाइट पॉइंट से होते हुए माजरी चौक फ्लाईओवर के ऊपर के रास्ते सेक्टर-3/21 ट्रैफिक लाइट पॉइंट से बाईं ओर से होते हुए रामगढ़-बरवाला की ओर जाने का रूट अपनाएं।
जीरकपुर की ओर जाने का रूट प्लान
रविवार को जीरकपुर की ओर जाने वाले लोग हाउसिंग बोर्ड चौक से होते हुए सेक्टर-17/18 के राउंड अबाउट से होते सेक्टर-16 और 15 के चौक से गुजरते हुए सेक्टर-11 और 15 के राउंड अबाउट से ओर होते हुए रैली चौक से होकर जीरकपुर हाईवे पर जाने का रूट अपनाएं।
मेला ग्राउंड के पास ये रूट रहेंगे बंद
पुलिस प्रशासन के अनुसार शालीमार मॉल से सटे मेला ग्राउंड की ओर आने वाला रास्ता दोपहर को 12 बजे के बाद से बंद रहेगा। पुलिस कमिश्नर ने आमजन से अपील करते हुए कहा है कि सांकला चौक (बेलाविस्टा) से गीता गोपाल चौक (शालीमार चौक) और तवा चौक से गीता गोपाल चौक पूरी तरह बंद रहेंगे। जिस किसी को इस रूट से निकलना हो वह दूसरे रूट का इस्तेमाल कर सकते हैं।