होशियारपुर। गांव भीलोवाल में स्थित श्री राधा राइस मिल्स में रविवार सुबह अचानक आग लगने से लाखों रुपये की संपत्ति को नुकसान पहुंचा। हालांकि किसी भी प्रकार के जानी नुकसान की खबर नहीं है। घटना की सूचना मिलते ही दमकल कर्मियों व चब्बेवाल पुलिस ने मौके पर पहुंच कर राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिए। आशीष गुप्ता ने बताया कि उन्हें करीब साढ़े 6 बजे सूचना मिली की चावल मिल्स में लगे ड्रायर में अचानक आग लग गई है। उन्होने बताया कि जब ड्रायर को आग ने अपनी चपेट में लिया उस समय उसमें बड़ी मात्रा में धान था। उन्होने बताया कि घटना की सूचना तुरंत दमकल विभाग व पुलिस को दी गई। जिसके बाद पुलिस व दमकल विभाग की दो गाडिय़ो ने पंहुच कर राहत और वचाव कार्य शुरू कर दिए। कड़े संघर्ष के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
गुप्ता ने बताया कि उक्त घटना में कोई जानी नुकसान तो नहीं हुआ, लेकिन इस दौरान लाखों रुपये का नुकसान हो गया है जिसका अनुमान लगाया जा रहा है। दमकल विभाग के अनुसार उक्त घटना की सूचना मिलते ही डीओ गुरदित सिंह, सुखदेव सिंह व फायरमैन गगनप्रीत व अजयपाल के नेतृत्व में टीम को दो गाड़ियों सहित रवाना कर दिया गया था, जिन्होंने कड़े संघर्ष के बाद आग पर काबू पाया। अब तीसरी गाड़ी को भी रवाना कर दिया गया है।