संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी ने पंचकूला के ऐतिहासिक गुरुद्वारे नाडा साहिब से गुरबाणी का लाइव प्रसारण शुरू कर दिया है। गुरबाणी अब वर्ल्ड पंजाबी टीवी पर 63 देशों में 2.45 बजे से सुबह 8 बजे तक सीधा प्रसारण किया जा रहा है। यह सभी प्रमुख प्लेटफार्मों पर उपलब्ध है। गुरबाणी का प्रसारण समिति के सोशल मीडिया पेज और यूट्यूब चैनल पर भी किया जाएगा। सभी अधिकार एचएसजीएमसी के पास ही रहेंगे। यह जानकारी हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एचएसजीपीसी) के कार्यवाहक महासचिव रमणीक सिंह ने दी। उन्होंने बताया कि कमेटी का कार्यभार संभालने के बाद पहला फैसला गुरुद्वारा नाडा साहिब पंचकूला से लाइव प्रसारण शुरू करना था। यह सोमवार से शुरू हो गया है।
रमणीक मान ने कहा कि राज्य सरकार ने नई कमेटी के लिए चुनाव कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। मतदाताओं का पंजीकरण किया जा रहा है। चुनाव कराने के लिए तैयार हैं। सीएम से मुलाकात कर अनुरोध किया है कि वोट बनाने का फार्म पंजाबी भाषा में होना चाहिए। जस्टिस एचएस भल्ला की अगुवाई में चुनाव की तैयारी चल रही है। 30 सितंबर तक वोट बनाए जाएंगे। हरियाणा में 40 हलकों में चुनाव होंगे। प्रशासन गुरुघरों की देखरेख सही तरीके से करे। इससे श्रद्धालुओं के मन में कोई भी शंका होगी, उसे दूर करने के लिए प्रयास करेंगे।