पंचकूला। एक युवती ने सोमवार-मंगलवार की मध्य रात्रि पंचकूला के एक युवक के घर के बाहर हंगामा खड़ा कर दिया। युवती के चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनकर आसपड़ोस के लोग घरों से बाहर निकले। वहीं युवक की मां ने घर के दरवाजे को अंदर से बंद कर लिया। फिर भी युवती कई घंटे तक युवक के घर के बाहर खड़ी होकर हंगामा करती रही। परेशान लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी तो स्थानीय थाने से महिला पुलिसकर्मियों समेत अन्य मौके पर पहुंचे।
इस दौरान पुलिस को पता लगा कि युवती ने जून में युवक पर उससे दुष्कर्म के तहत केस भी दर्ज कराया हुआ है। युवती के अनुसार गांव रैली निवासी युवक सोलन में उसके साथ लिव-इन-रिलेशन में रह रहा था। जून महीने के दौरान युवती से अलग गांव आकर अपनी मां के साथ रहने लगा था। इसके बाद युवती ने पंचकूला के सेक्टर-5 स्थित महिला पुलिस थाने में युवक के खिलाफ उससे दुष्कर्म करने का केस दर्ज कराया था। वहीं सोमवार-मंगलवार की मध्य रात्रि उसने युवक के घर के बाहर आकर हंगामा खड़ा कर दिया। स्थानीय थाना पुलिस ने काफी देर तक युवती को समझाया बुझाया लेकिन उसके वहां से नहीं जाने पर स्थानीय थाना पुलिस ने दुर्गा शक्ति टीम को बताया। काफी समय बाद दुर्गा शक्ति टीम के पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और युवती को काफी समझाया। इसके बाद युवती महिला पुलिसकर्मियों के आश्वासन पर वहां से जाने को राजी हुई तो पुलिस ने युवती को कैब से घर भिजवाया।
सोलन पुलिस को ट्रांसफर किया था केस
युवती की शिकायत पर महिला थाना, सेक्टर-5 पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ केस दर्ज करके मामले को जांच के लिए सोलन पुलिस को ट्रांसफर कर दिया था क्योंकि युवती ने पुलिस पूछताछ में बताया था कि आरोपी युवक ने उससे सोलन में ही शारीरिक संबंध बनाए थे। युवती ने पुलिस को आरोपी युवक के साथ उसकी कई तस्वीरें भी दिखाई है। बहरहाल, सोलन पुलिस मामले की जांच में जुटी है।