संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। सेक्टर-23 डंपिंग ग्राउंड के समीप रविवार रात को एक तेंदुए की ट्रक की चपेट में आने से मौत हो गई है। तेंदुए के शव को वाइल्डलाइफ की टीम ने कब्जे में ले लिया है। मिली जानकारी के अनुसार, रविवार रात करीब 8 बजे सेक्टर-23 डंपिंग ग्राउंड के समीप एक तेंदुए को ट्रक ने टक्कर मार दी। वहां से गुजर रहे राहगीरों ने इसकी सूचना पुलिस और वाइल्डलाइफ की टीम को दी।
सूचना मिलते ही पुलिस और वाइल्डलाइफ की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। सेक्टर-25 निवासी पुष्पा सिंगरोह ने बताया कि वह चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन से घर जा रहीं थीं। तेंदुआ झुरीवाला के पास रोड पार कर रहा था। तभी एक अज्ञात ट्रक की चपेट में आ गया। हादसे में वह बेसुध हो गया। लोगों ने तुरंत उसको रोड के किनारे रखा।
उन्होंने तुरंत वाइल्ड लाइफ ऑफिसर इंस्पेक्टर सुरजीत को फोन कर मामले की सूचना दी। विभाग के अधिकारी तेंदुए को मेडिकल एड के लिए ले गए। मौके पर पहुंचे थाना इंचार्ज ने ट्रैफिक को सुचारु करवाया। बाद में उसकी मौत हो गई।