वेतन की मांग को लेकर प्रदर्शन करते कर्मचारी।
- फोटो : अमर उजाला
एनएचआरएम की आईपीएचएस स्कीम के तहत कॉन्ट्रैक्ट पर अस्पताल में लगे 80 कर्मचारियों का धरना वेतन की मांग को लेकर दूसरे दिन भी जारी रहा। धरने में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों से लेकर नर्स, लैब टेक्नीशियन सहित अन्य कर्मचारी शामिल रहे। कर्मचारियों का कहना है कि हर बार उन्हें वेतन एक दो महीने की देरी से मिलता है। ऐसे में जो घर पर जमा पूंजी थी वह भी खत्म हो गई है। घर चलाना मुश्किल हो गया है। इस मामले को लेकर डीजी हेल्थ के पास भी गए थे। लेकिन वहां से भी उन्हें बजट नहीं आने की बात कही गई। इसके बाद कर्मचारियों का एक शिष्टमंडल अस्पताल की पीएमओ डॉक्टर वीणा सिंह से मिला। उन्होंने कर्मचारियों की वेतन सोमवार को ही दिलवाने का आश्वासन दिया था। लेकिन वेतन नहीं मिला।