संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। बरवाला स्थित पीएम श्री राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में भौतिक विज्ञान के प्राध्यापक डॉ. अजय कुमार ने वर्ष 2026-27 की राज्य स्तरीय शिक्षक विज्ञान संगोष्ठी में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। यह संगोष्ठी 15 अक्टूबर को हरियाणा के गुरुग्राम स्थित राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (एससीईआरटी) में आयोजित की गई।
इस संगोष्ठी ने शिक्षकों को अपने वैज्ञानिक ज्ञान, नवाचारी विचारों और वर्तमान पर्यावरणीय चुनौतियों के प्रति जागरूकता साझा करने के लिए एक मंच प्रदान किया। इसमें प्रतिभागियों ने जलवायु परिवर्तन से निपटने के उपायों तथा विभिन्न बीमारियों, उनके कारणों, बचाव के उपायों और समाधानों जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया। डॉ. अजय कुमार ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन, विषय पर गहरी समझ और प्रभावशाली प्रस्तुति के माध्यम से राज्य स्तर पर यह प्रतिष्ठित उपलब्धि हासिल की।