चंडीगढ़। आदमपुर विधायक कुलदीप बिश्नोई ने कांग्रेस का दामन छोड़ने के साथ ही बुधवार को विधायक पद से भी इस्तीफा दे दिया। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि उनकी इच्छा है कि उनके बेटे भव्य बिश्नोई आदमपुर उपचुनाव लड़ें। फैसला भाजपा को करना है। विधानसभा अध्यक्ष ने कुलदीप का इस्तीफा स्वीकार कर लिया है। वीरवार को मुख्यमंत्री मनोहर लाल की मौजूदगी में कुलदीप अपने पुत्र भव्य बिश्नोई, मां जसमा देवी व पत्नी रेणुका बिश्नोई के साथ भाजपा की सदस्यता ग्रहण करेंगे। कुलदीप ने स्पष्ट किया किआगे की राजनीति वह और उनके पुत्र करेंगे। रेणुका चुनाव नहीं लड़ेंगीं। दिल्ली में होने वाले कार्यक्रम में कुलदीप ने हरियाणा से अपने समर्थकों को बुलाया है।
विधानसभा में इस्तीफा सौंपने के दौरान कुलदीप के साथ उनकी पत्नी के अलावा डिप्टी स्पीकर रणबीर सिंह गंगवा, फतेहाबाद विधायक दूड़ाराम, रतिया विधायक लक्ष्मण नापा और हांसी विधायक विनोद भयाना मौजूद रहे। इस्तीफा देने के बाद कुलदीप ने मुख्यमंत्री से भी मुलाकात की। इसके बाद मीडिया से बातचीत में कुलदीप ने कहा कि उनके हलके के अलावा राजस्थान के समर्थकों की ओर से काफी लंबे समय से कहा जा रहा था कि अंतर-आत्मा की आवाज सुनें। समर्थकों से बातचीत के बाद ही काफी सोच-विचार कर यह कदम उठाया है।
एक दिन में ज्वाइन करवा दूंगा सात पूर्व विधायक: कुलदीप ने कहा कि वे एक साधारण कार्यकर्ता के रूप में भाजपा ज्वाइन कर रहे हैं। उम्मीद है कि भाजपा में उनके हलके, प्रदेश, राजस्थान व पंजाब के समर्थकों को पूरा मान-सम्मान मिलेगा। उन्होंने कहा कि सात पूर्व विधायक उनके संपर्क में हैं और मुख्यमंत्री जब कहेंगे इन विधायकों को भाजपा में ले आएंगे।