डेढ़ किलोमीटर हिस्से में धूल और गड्ढों से जूझ रहे ग्रामीण
अक्टूबर में शुरू हुआ था निर्माण कार्य, दो माह पहले दोबारा काम शुरू कर ठेकेदार ने छोड़ा अधूरा
मुख्यमंत्री और पीडब्ल्यूडी से कार्रवाई की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
रामगढ़। राष्ट्रीय राजमार्ग-7 से गांव कोट होते हुए बूंगा जाने वाली सड़क का निर्माण कार्य अधूरा छोड़ दिए जाने से ग्रामीणों में नाराजगी है। करीब 10 माह पहले शुरू हुआ सड़क निर्माण अब तक पूरा नहीं हो सका है। गांव कोट से कनौली मोड़ तक लगभग डेढ़ किलोमीटर हिस्सा अधूरा पड़ा है, जिससे लोगों को धूल, गड्ढों और उबड़-खाबड़ रास्ते से होकर गुजरना पड़ रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार पिछले वर्ष अक्टूबर में तत्कालीन विधायक एवं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता ने सड़क निर्माण कार्य का शुभारंभ किया था। लोगों को उम्मीद थी कि वर्षों पुरानी समस्या का समाधान होगा, लेकिन दो माह पहले दोबारा शुरू हुआ निर्माण कार्य भी कुछ हिस्सा बनाकर बीच में छोड़ दिया गया।
ग्रामीणों का कहना है कि अधूरी सड़क के कारण दोपहिया वाहन चालकों, स्कूली बच्चों और बुजुर्गों को सबसे अधिक परेशानी हो रही है। तेज रफ्तार वाहनों से उड़ने वाली धूल आसपास रहने वाले लोगों के लिए भी मुश्किलें बढ़ा रही है। कई बार शिकायतों के बावजूद निर्माण कार्य पूरा नहीं कराया गया।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष संजय चौहान, गांव कोट के राजपाल धीमान और गांव मट्टावाला के अच्छरपाल ने सड़क निर्माण जल्द पूरा कराने, ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई करने तथा निर्माण कार्य की गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने की मांग उठाई है। ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री और लोक निर्माण विभाग के उच्च अधिकारियों से तत्काल हस्तक्षेप कर लोगों को राहत दिलाने की अपील की है।