पंचकूला। हरियाणा स्पोर्ट्स डिपार्टमेंट द्वारा पंचकूला के ताऊ देवीलाल स्टेडियम में एस्ट्रोटर्फ लगाने के फैसले के बाद अब खेलो इंडिया में चंडीगढ़ की मेजबानी कमजोर पड़ गई है। खेलो इंडिया के ज्यादातर इवेंट मैच ताऊ देवी लाल स्टेडियम में होंगे। अब तक यहां एस्ट्रोटर्फ न होने की वजह से कयास लगाए जा रहे थे कि हॉकी के मैच चंडीगढ़ सेक्टर-42 के स्टेडियम में खेले जाएंगे। हरियाणा सरकार का युवा और खेल मंत्रालय खेलो इंडिया के चौथे चरण की मेजबानी कर रहा है।
यह चैंपियनशिप 21 नवंबर से शुरू होगी। अबकी बार यह सिर्फ अंडर-18 आयु वर्ग के लिए आयोजित की जाएगी। जब खेलो इंडिया की मेजबानी हरियाणा को मिली तो उसी समय घोषणा की गई थी कि मेजबानी के दौरान चंडीगढ़ की खेल सुविधाओं का लाभ लिया जाएगा। खासतौर से हॉकी स्टेडियम, बैडमिंटन कोर्ट और फुटबाल के लिए चंडीगढ़ के इंफ्रास्ट्रक्चर का उपयोग करने की बात की जा रही थी। बताया जाता है कि अब यह योजना बदल दी गई है। हॉकी के साथ बैडमिंटन और फुटबाल भी ताऊ देवीलाल स्टेडियम में करवाएं जाएंगे। वैसे, एक विभागीय अधिकारी ने बताया कि अब तक मैच और स्थान का निर्धारण नहीं हो सका है।
हां, यह जरूर है कि पहले सेक्टर-42 में हॉकी स्टेडियम में हाकी मैच करवाने की योजना थी लेकिन अब बदलाव आ चुका है। वास्तव में यहां सवाल यह उठाया जाने लगा था कि पंचकूला के अतिरिक्त हरियाणा के कई जिलों में एस्ट्रोटर्फ लगा है। ऐसी स्थिति में मैच चंडीगढ़ में क्यों करवाए जाएं। ऐसे सभी सवालों को खत्म कर एस्ट्रोटर्फ का प्रस्ताव लाया गया और उसको मंजूरी मिल गई। अब एस्ट्रोटर्फ फील्ड को तैयार करने की शुरुआत हो चुकी है। एक अधिकारी ने बताया कि यह काम चार माह में खत्म हो जाएगा।
नए वार्मअप ट्रैक बनेंगे
पंचकूला के ताऊ देवीलाल स्टेडियम में नए वार्मअप ट्रैक बनेंगे। इसके लिए कुछ दिन पहले ही नई दिल्ली से टीम आई थी जिसने स्टेडियम का विजिट किया था और यहां वार्मअप एथलेटिक ट्रैक बनाने का सुझाव दिया था। टीम ने एथलीटों के लिए वार्मअप एरिया तैयार करने को कहा था। अब यहां वार्मअप ट्रैक भी बनाने की शुरुआत की जा रही है।
एस्ट्रोटर्फ के लिए मंजूरी मिल चुकी है। ऐसी स्थिति में पंचकूला के ताऊदेवी लाल स्टेडियम में एस्ट्रोटर्फ लगा दिया जाएगा। ऐसे में हाकी के मैच पंचकूला के इसी स्टेडियम में होंगे। हां, पहले चंडीगढ़ का प्रस्ताव अवश्य था। - ज्ञानचंद गुप्ता, स्पीकर, हरियाणा विधानसभा