संवाद न्यूज एजेंसीपिंजौर। सूरजपुर सुखोमाजरी बाईपास पर चेकिंग के दौरान पुलिस ने खैर की लकड़ी बरामद की है। पुलिस ने आरोपी कुलदीप सिंह सोनी निवासी गांव करनपुर के खिलाफ भारतीय वन अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस एचएमटी पिंजौर के पास नाका लगाकर वाहनों की चेकिंग कर रही थी। उसी दौरान गांव सुखोमाजरी की तरफ से एक कार आती दिखाई दी। चालक पुलिस को देखकर वाहन मोड़ने लगा तो उसकी कार बंद हो गई। संदेह होने पर जब पुलिस ने जांच की तो कार की पिछली सीट से खैर की लकड़ी के कटे 9 टुकड़े बरामद हुए। कार चालक इस संबंध में स्पष्ट जवाब नहीं दे पाया। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे पिंजौर रेंज के वन रक्षक दीपक ने पुलिस को बताया कि उपरोक्त खैर की लकड़ी सुखोमाजरी बाईपास के समीप से काटी गई है। लोगों द्वारा पहले भी पिंजौर हाईवे से लगते वन क्षेत्र से खैर के पेड़ काटे जा चुके हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय वन अधिनियम, पंजाब भू संरक्षण अधिनियम की विभिन्न धाराओं में चोरी का मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।