पंचकूला। कांवड़ यात्रा की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस ने कमर कस ली है। 11 जुलाई से शुरू होने वाली कांवड़ यात्रा सुरक्षा व्यवस्था के लिए जिले में करीब 400 पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। पुलिस पेट्रोलिंग से लेकर कांवड़ियों के वेश में भी नजर रखेगी ताकि किसी भी प्रकार की अशांति को समय रहते रोका जा सके।
डीसीपी सृष्टि गुप्ता ने कहा कि शिविरों, लंगरों और मुख्य पड़ाव स्थलों के आसपास पुलिस की विशेष पेट्रोलिंग होगी। साथ ही क्यूआरटी, पीसीआर, राइडर टीमों की तैनाती भी सुनिश्चित की गई है। महिला सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए हर पीसीआर वाहन में महिला पुलिसकर्मी की ड्यूटी लगाई गई है। डीसीपी ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे यात्रा के दौरान डीजे, तेज आवाज वाले उपकरण, शराब या किसी भी नशीले पदार्थ का उपयोग न करें। साथ ही ट्रक, बस या ट्रैक्टर की छतों पर यात्रा करने से परहेज करें और ओवरलोडिंग न करें। यात्रा में प्रयोग हो रहे वाहनों की जानकारी नजदीकी थाना में देना अनिवार्य होगा।
साइबर टीम की रहेगी नजर
सोशल मीडिया पर भ्रामक या भड़काऊ पोस्ट करने वालों पर साइबर टीम नजर रखेगी और ऐसे तत्वों पर सख्त कार्रवाई होगी। एलपीजी सिलिंडरों के इस्तेमाल पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा।
इन नंबरों पर दे सकते हैं संदिग्ध गतिविधि की जानकारी
डीसीपी ने कहा कि यात्रा को शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराना प्राथमिकता है। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम नंबर- 0172-2582100 या मोबाइल नंबर 7508324900 पर दें।