कालका। शिमला के समर हिल ग्राउंड में 7 से 11 अक्तूबर तक आयोजित साव्य मेमोरियल अंडर-18 फुटबॉल टूर्नामेंट में कालका एफसी ने खिताब अपने नाम किया। फाइनल में टीम ने दिल्ली की टीम को 1-0 से हराकर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। प्रतियोगिता में कुल 16 टीमों ने हिस्सा लिया।
फाइनल मुकाबले में दोनों टीमों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। खिलाड़ियों ने गोल करने के लिए कई प्रयास किए, लेकिन कालका एफसी ने बेहतर तालमेल और रणनीति के दम पर एक गोल की बढ़त हासिल की। टीम ने अंतिम समय तक अपनी बढ़त बरकरार रखी और दिल्ली की टीम को बराबरी का मौका नहीं दिया।
इस जीत में कोच अभिषेक चौधरी का मार्गदर्शन अहम रहा। उनके निर्देशन में खिलाड़ियों ने शानदार खेल कौशल, अनुशासन और टीम भावना का प्रदर्शन किया। टूर्नामेंट में खिताबी जीत से कालका एफसी ने क्षेत्र का नाम रोशन किया।