संवाद न्यूज एजेंसी
चमकाैर साहिब (रोपड़)। 24 अक्तूबर को अबूधाबी में आयोजित विश्वस्तरीय पाॅवर स्लैप प्रतियोगिता में पंजाब के रूपनगर जिले के चमकौर साहिब निवासी जुझार सिंह ने एक रूसी खिलाड़ी को पावर स्लैप मारकर हरा दिया।
जुझार सिंह यह प्रतियोगिता जीतने वाले दुनिया के पहले सिख और भारत के पहले खिलाड़ी बन गए। इस प्रतियोगिता को जीतने वाले जुझार सिंह ने बताया कि पाॅवर स्लैप एक ऐसी प्रतियोगिता है जिसे मार्शल आर्ट के तौर पर देखा जाता है। इसकी शुरुआत 2022 में हुई है। जुझार सिंह ने बताया कि पहले भी कई प्रतियोगिताएं जीतने के बाद उन्होंने अबू धाबी में आयोजित इस विश्वस्तरीय प्रतियोगिता में हिस्सा लिया।
उन्होंने बताया कि इस प्रतियोगिता में उनका मुकाबला रूसी खिलाड़ी एंटोनी गुलश्का के साथ हुआ जिसमें दोनों खिलाड़ियों को तीन राउंड दिए गए और दूसरे स्लैब के दौरान उनकी तरफ से खेल रहे रूसी खिलाड़ी से फाउल हुआ। इसके बाद तीसरे राउंड में जुझार सिंह द्वारा स्लैब यानी थप्पड़ मारने पर रूसी खिलाड़ी बेहोश हो गया जिसके बाद अंकों के आधार पर उन्हें विजेता घोषित किया गया।
इसमें रूसी खिलाड़ी के 27 अंक और जुझार सिंह के 29 अंक रहे। जुझार सिंह ने बताया कि मेरी जीत के पीछे श्री चमकौर साहिब की पवित्र धरती के इतिहास का बहुत बड़ा हाथ है। जीत के बाद अक्सर विजेता खिलाड़ी को स्टेज पर माइक पर बोलना होता है लेकिन वहां पर पंजाबी गाना बजने के बाद जहां स्टेडियम में बैठे भारतीय, दुबई वासी और गोरे लोग भी उनकी जीत पर नाचने पर मजबूर हो गए। इस अवसर पर, जिस स्कूल में जुझार सिंह बच्चों को प्रशिक्षण देते हैं, वहां स्कूल प्रबंधन द्वारा जुझार सिंह का गर्मजोशी से स्वागत किया गया।