चंडीगढ़। हरियाणा कौशल रोजगार निगम के तहत स्कूलों को 2069 और टीजीटी-पीजीटी अध्यापक मिल गए हैं। शुक्रवार को यहां अपने निवास संत कबीर कुटीर से मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने एक क्लिक के माध्यम से ऑनलाइन जॉब ऑफर लेटर प्रदान किए हैं। इससे पहले, 23 नवंबर को 2075 टीजीटी-पीजीटी अध्यापकों को भी मुख्यमंत्री ने ऑनलाइन ही जॉब ऑफर लेटर प्रदान किए थे। मात्र 26 दिनों में 12 विषयों के 4144 टीजीटी और पीजीटी अध्यापकों को मिले जॉब ऑफर लेटर दिए जा चुके हैं।
शुक्रवार को मुख्यमंत्री ने 2069 सोशल स्टडीज, साइंस, हिन्दी और संस्कृत के टीजीटी और बायोलॉजी, कॉमर्स, संस्कृत, गणित, इकोनॉमिक्स, पॉलिटिकल साइंस, इतिहास और हिंदी के पीजीटी शिक्षकों को जॉब ऑफर प्रदान किए हैं। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि उन्होंने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जिन स्कूलों में अध्यापकों की जरूरत है उसकी जानकारी तत्काल हरियाणा कौशल रोजगार निगम को उपलब्ध करवाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि अध्यापकों की कमी के चलते बच्चों की पढ़ाई कतई प्रभावित नहीं होने देंगे। अनुबंध आधार पर रखे जाने वाले 2069 टीजीटी और पीजीटी अध्यापकों को सभी पंजीकृत आवेदकों को उनके मोबाइल नंबर पर एसएमएस के माध्यम से जॉब ऑफर की सूचना भेजी गई है। उन्होंने बताया कि अब तक आउटसोर्सिंग एजेसियों के माध्यम से करीब 90 हजार से अधिक कर्मचारियों को इस निगम के माध्यम से समायोजित किया जा चुका है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री के उप-प्रधान सचिव व हरियाणा कौशल रोजगार निगम के मुख्य कार्यकारी अधिकारी केएम पाण्डुरंग व अन्य अधिकारी भी उपस्थिति थे।