चंडीगढ़। निजी क्षेत्र की 75 फीसदी नौकरियां प्रदेशवासियों को दिए जाना का विधेयक मंजूर होने के बाद जजपा का फोकस अब युवाओं पर रहेगा। पार्टी इसे भुनाने में कोई कसर नहीं छोड़ने वाली। राज्यपाल सत्यदेव नारायण आर्य से वीरवार को मुलाकात के बाद उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने इसके संकेत दे दिए हैं। विधेयक को मंजूरी देने के लिए दुष्यंत ने राज्यपाल का आभार जताया, साथ ही कहा कि बजट सत्र में भी उनका धन्यवाद किया जाएगा।
उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला के साथ जजपा के प्रदेशाध्यक्ष निशान सिंह, राज्यमंत्री अनूप धानक और विधायक जोगी राम सिहाग राजभवन पहुंचे व राज्यपाल से मुलाकात की। मुलाकात के बाद दुष्यंत चौटाला ने कहा कि युवाओं को नौकरी प्रदान करने लिए जल्दी कार्ययोजना लागू की जाएगी। इससे पहले दुष्यंत पार्टी कार्यालय में मौजूद रहे। उन्होंने प्रदेश से आए कार्यकर्ताओं और आम लोगों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को निराकरण के लिए आदेश भी दिए।