रात में बंद दुकान से चांदी के गहने और डीवीआर उड़ाया, पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की
संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। सेक्टर-17 स्थित राजीव कॉलोनी में ज्वेलरी की दुकान में चोरी की वारदात सामने आई है। दुकान मालिक की शिकायत पर सेक्टर-14 थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार दुकान मालिक सौरभ निवासी मनीमाजरा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह रोजाना की तरह 7 दिसंबर को रात करीब 8 बजे दुकान बंद कर घर चला गया था। सुबह जब वह दुकान पर पहुंचे तो देखा कि दुकान का शटर टूटा हुआ है।
अंदर चेक करने पर पता चला कि अज्ञात चोर दुकान से चांदी की लेडीज रिंग, चुटकी, नोज पिन और नथ समेत करीब 470 ग्राम चांदी के गहने चोरी कर ले गए। चोरी हुए गहनों की कीमत करीब 90 हजार रुपये बताई जा रही है।
साथ ही दुकान में लगी डीवीआर भी चोर साथ ले गए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।