कालका। शहर की सफाई व्यवस्था सुधारने, डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण में तेजी लाने और स्ट्रीट लाइटों की कमी दूर करने की तैयारी है। नगर परिषद की आगामी हाउस बैठक में 31 वार्डों की धर्मशालाओं और श्मशान घाटों के नक्शे पास करने के साथ अतिरिक्त स्ट्रीट लाइटों के एस्टीमेट को मंजूरी के लिए रखा जाएगा। इससे लंबे समय से अटके विकास कार्यों को गति मिलने की उम्मीद है।
नगर परिषद चेयरमैन कृष्ण लाल लांबा और कार्यकारी अधिकारी (ईओ) दविन्द्र कुमार के बीच शुक्रवार को हुई बैठक में शहर की सफाई व्यवस्था, कचरा संग्रहण और स्ट्रीट लाइटों की समस्या पर चर्चा हुई। ईओ के पदभार संभालने के बाद चेयरमैन के साथ यह उनकी पहली औपचारिक बैठक थी। इसमें मुख्य सफाई निरीक्षक अनिल नैन भी मौजूद रहे।
चेयरमैन ने बताया कि डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण अभियान तेज करने और शहर के सभी एमआर पॉइंट जल्द साफ करवाने के निर्देश दिए गए हैं। पिछले इलेक्ट्रिकल सर्वे के एस्टीमेट में खामियों के कारण पार्षदों की मांग के मुकाबले आधी लाइटें ही लग पाई थीं। अब सभी पार्षदों से अतिरिक्त लाइटों की आवश्यकता का ब्यौरा लेकर एस्टीमेट तैयार करवाए गए हैं।
नगर परिषद में आर्किटेक्ट की नियुक्ति होने से धर्मशालाओं और श्मशान घाटों के नक्शे पास कराने की प्रक्रिया भी आगे बढ़ेगी। आगामी हाउस बैठक में वार्ड 1 से 31 तक के नक्शों और अतिरिक्त स्ट्रीट लाइटों के एस्टीमेट मंजूरी के लिए रखे जाएंगे।