घर से सोने के आभूषण और कीमती सामान चोरी, तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश
संवाद न्यूज एजेंसी
मोरनी। मोरनी बाजार क्षेत्र में एक घर में हुई चोरी की वारदात के मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ-साथ तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। मामले में आधा दर्जन से अधिक स्थानों पर लगे कैमरों की रिकॉर्डिंग की जांच की गई है।
शनिवार को मोरनी पुलिस चौकी के जांच अधिकारी सत्यवीर सिंह ने क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की पड़ताल की और संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी जुटाई। पुलिस वारदात से जुड़े सुराग तलाशने में जुटी है।
जानकारी के अनुसार स्वास्थ्य केंद्र के समीप स्थित एक मकान में चोरी की घटना सामने आई थी। मकान मालिक बंटी सूद ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि अज्ञात चोर उनके घर से एक सोने का हार, दो अंगूठियां और अन्य कीमती सामान चोरी कर ले गए।
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। घटना के बाद सीन ऑफ क्राइम टीम ने भी मौके का निरीक्षण किया था। टीम ने घर से फिंगरप्रिंट और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाकर जांच के लिए सुरक्षित किए हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही चोरी की वारदात का खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा।