पांचवां मंजिल तैयार, छठी का हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण ने काम शुरू कराया, 2025 तक होगा काम पूरा
माई सिटी रिपोर्टर
पंचकूला। सेक्टर-1 में निर्माणाधीन हैबिटेट सेंटर सांस्कृतिक कार्यक्रमों के अलावा अंतरराष्ट्रीय स्तर के आयोजन हो सकेंगे। वर्तमान में चंडीगढ़ में बेहतर सुविधाएं होने के कारण ज्यादातर सांस्कृतिक कार्यक्रम वहीं होते हैं। मगर 2025 से सेक्टर-1 में भी यह आयोजन हो सकेंगे। इस सेंटर का 60 फीसदी काम हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण ने पूरा कर लिया है। इसके छठी मंजिल के स्ट्रक्चर का काम चल रहा है। 2.73 एकड़ में बनने वाला आठ मंजिला हैबिटेट सेंटर के निर्माण पर 70 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसको जनवरी 2025 तक पूरा कर लिया जाएगा। इस आठ मंजिला भवन का निर्माण पूरा होने के बाद शहर को एक नई पहचान मिलेगी। इसके अलावा इसमें स्वीमिंग पूल की भी सुविधा मिलेगी। घर में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों का भी बैंक्वेट हाल में आयोजन किया जा सकेगा। इसके अलावा कांफ्रेंस हॉल, आर्ट गैलरी, स्टूडियो, एक्सपो सेंटर सहित तमाम सुविधाओं का लोग लाभ उठा सकेंगे।
ये होंगी सुविधाएं
होटल, हैबिटेट एंड कन्वेंशन सेंटर, 200 सीटों की क्षमता वाला अंतरराष्ट्रीय स्तर का ऑडिटोरियम, 500 की क्षमता वाला बैंक्वेट हॉल, हैबिटेट पार्क, 270 वाहनों की पार्किंग, आर्ट गैलरी, म्यूजिकल फाउंटेन, आर्ट गैलरी, स्टूडियो, फूड कोर्ट, एक्सपो सेंटर, ओपन लॉन, कांफ्रेंस हॉल, क्लब, जिम और भी बहुत कुछ होगा।
भवन में यह व्यवस्था भी रहेगी
- ग्रीन बिल्डिंग के रूप में होगा निर्माण
- सभी जगह एलईडी लाइट्स
- करीब 50 किलोवाट का सौर उर्जा का उत्पादन
- स्मार्ट बिल्डिंग कंसेप्ट के जरिए बनेगी इमारत
- परिसर में लोगों को मिलेगा स्मार्ट कार्ड से प्रवेश
- पावर बैकअप के लिए गैस जनरेटर
- विद्युत वाहनों के लिए चार्जिंग प्वाइंट
- 100 फीसदी वातानुकूलित
- सीवरेज का 100 फीसदी शोधन
- ऑटोमेटिक पार्किंग विथ इलेक्ट्रानिक डिसप्ले
- सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट का प्रावधान
सेक्टर-1 में हैबिटेट सेंटर बनाया जा रहा है। यह बिल्डिंग करीब 70 करोड़ रुपये से 2.73 एकड़ में बनाई जा रही है। बेसमेंट के अलावा आठ मंजिला भवन होगा। इस भवन में लोगों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं मिलेंगी। -अशोक कुमार, जूनियर इंजीनियर, एचएसवीपी पंचकूला।