पंचकूला। सेक्टर-तीन में रविवार को अंबाला मंडल के छह जिलों के पशुपालन एवं डेयरी विभाग के अधिकारियों की बैठक हुई। इसकी अध्यक्षता विभाग के महानिदेशक डॉ. बिरेन्द्र सिंह लौरा ने की। इस बैठक में पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, करनाल, कैथल के उपनिदेशक और उपमंडल स्तर के अधिकारी उपस्थित रहे। उन्होंने मंडल में विभाग से संबंधित भवनों के पुनर्निर्माण और मरम्मत की आकलन रिपोर्ट भेजने के निर्देश दिए। इसके अलावा सभी पशु संस्थाओं की जीआईएस मैपिंग, सैंपल सर्वे में हो रहे काम, नई बन रही पशु डिस्पेंसरी, बजट, गौशालाओं में चारे की व्यवस्था और पशुओं की टैगिंग के बारे में दिशानिर्देश दिए गए।
उन्होंने कहा कि पिछले दिनों जिलों में लगाए गए अंत्योदय मेले में मुख्यमंत्री अंत्योदय परिवार उत्थान योजना के अधिकांश लाभार्थियों का पशुपालन विभाग की योजनाओं की ओर रुझान रहा है। अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि इन लाभार्थियों को समय पर योजनाओं का लाभ मिले। इससे पूर्व उन्होंने अंबाला के पशु अस्पताल और नारायणगढ़ और शहजादपुर का औचक निरीक्षण किया। जिन संस्थाओं में जो कमियां पाई गई, उनके जिम्मेदार अधिकारी और कर्मचारियों के खिलाफ विभागीय कार्यवाही के आदेश दिए। अनुपस्थित पाए गए पशु चिकित्सकों और पशुधन विकास सहायकों पर भी विभागीय जांच करने के आदेश दिए।