चंडीगढ़। पंजाब के लोक निर्माण मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ ने शुक्रवार को राज्यभर में चल रहे सड़क विकास कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़क और पुल निर्माण परियोजनाओं की टेंडर प्रक्रिया में मौसम का ध्यान रखा जाए।
बारिश और सर्दी से काम प्रभावित न हो, इसका विशेष ध्यान रखने को कहा। मंत्री ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) और नाबार्ड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट असिस्टेंस की परियोजनाओं को प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने ठेकेदारों को समय पर भुगतान सुनिश्चित करने को भी कहा ताकि परियोजनाओं की रफ्तार बनी रहे।
सड़क सुरक्षा के लिए लेन मार्किंग और अन्य जरूरी उपकरण लगाने के निर्देश भी दिए गए। ईटीओ ने कहा कि अनुकूल मौसम को देखते हुए निर्माण कार्यों में तेजी लाई जाए। उन्होंने फंड संबंधी बकाया मांगों का तुरंत भुगतान सुनिश्चित करने को भी कहा।