पंचकूला। कालका स्थित काली माता मंदिर में चल रहे विकास कार्यों को लेकर माता मनसा देवी पूजास्थल बोर्ड के सदस्यों ने अधिकारियों और ठेकेदार के साथ बैठक की। पूर्व मेयर एवं बोर्ड सदस्य कुलभूषण गोयल ने निर्माण कार्यों का जायजा लेते हुए मंदिर के डोम का निर्माण 31 दिसंबर तक पूरा करने के निर्देश दिए।
मंदिर परिसर में करीब साढ़े चार करोड़ रुपये की लागत से विकास और निर्माण कार्य करवाए जा रहे हैं। इसके तहत मंदिर का ढांचा तैयार करने के साथ डोम, हॉल और धर्मशाला बनाई जा रही है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए जरूरी व्यवस्थाएं भी विकसित की जा रही हैं। मंदिर के नए स्वरूप को आकर्षक बनाने के लिए डिजाइन में कमल के फूल की आकृति शामिल की गई है।
कुलभूषण गोयल ने कहा कि मंदिर में रोजाना बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। इसलिए निर्माण के दौरान उनकी सुविधाओं का ध्यान रखा जाए। उन्होंने गुणवत्ता बनाए रखने और सभी कार्य तय समय में पूरे करने के निर्देश दिए। बैठक में आरपी मल्होत्रा, सदस्य सचिव पृथ्वीराज, एसडीओ पाहूजा, एचएसवीपी के एक्सईएन अरविंद, एसडीओ, जेई और इलेक्ट्रिकल विभाग के एमई राणा सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।