परीक्षा के लिए सभी इंतजामों को समय पर पूरा करने और बच्चों को डायटीशियन की मदद से जागरूक करने का सुझाव
माई सिटी रिपोर्टर
पंचकूला। उपायुक्त सतपाल शर्मा ने सोमवार को जिला सचिवालय के सभागार में जवाहर नवोदय विद्यालय मौली (पंचकूला) की विद्यालय प्रबंधन समिति और भोजनालय समिति की बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में विद्यालय की सड़क, पानी और अन्य व्यवस्थाओं को सुधारने के लिए निर्देश दिए गए।
उपायुक्त ने निर्देश दिए कि विद्यालय को मुख्य सड़क से जोड़ने वाले मार्ग का निर्माण जल्द पूरा किया जाए। पीडब्ल्यूडी विभाग ने बताया कि सड़क निर्माण के लिए टेंडर जारी किया जा चुका है।
बैठक के दौरान 13 दिसंबर 2025 को होने वाली जवाहर नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा के लिए सभी व्यवस्थाओं को समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही, विद्यालय के विद्यार्थियों की स्वास्थ्य जांच जल्द कराने का आश्वासन भी मुख्य चिकित्सा अधिकारी के प्रतिनिधि ने दिया।
उपायुक्त ने प्राचार्य को अतिरिक्त कक्षा कक्ष, अभिभावक शेड, भवन और फायर सेफ्टी प्रमाण-पत्र के कार्यों को यथाशीघ्र पूरा करने के लिए निर्देश दिए। इसके अलावा गंदे पानी की निकासी और अतिरिक्त पानी के कनेक्शन के लिए प्राचार्य को संबंधित विभागों से संपर्क करने का कहा गया।
विद्यार्थियों के भोजन मेन्यू में सुधार के लिए उपायुक्त ने प्राचार्य को निर्देश दिए कि वे किसी प्राइवेट डाइटिशियन या जिला स्वास्थ्य विभाग की मदद से वर्कशॉप आयोजित करें, ताकि बच्चों को संतुलित आहार और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया जा सके।
बैठक में जिला शिक्षा विभाग से उप जिला शिक्षा अधिकारी सुमन चौधरी, जिला स्वास्थ्य विभाग से मीनू सासन, पीडब्ल्यूडी विभाग से एसडीओ अनिल कंबोज, खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग से प्रवीण कौर, ग्राम सरपंच मौली विक्रम, प्राचार्य पीएम श्री गवर्नमेंट संस्कृत मॉडल स्कूल जितेंद्र शर्मा और केंद्रीय विद्यालय के प्राचार्य रूपचंद उपस्थित रहे। इस बैठक में बच्चों की सुविधा, सुरक्षा और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक कदम उठाने का आश्वासन दिया गया।