मोटरसाइकिल चलाते समय हेलमेट सही तरीके से नहीं पहनने पर भी लगती है चोट
माई सिटी रिपोर्टर
पंचकूला। अमर उजाला फाउंडेशन ने शनिवार को हरियाणा सीनियर सेकेंडरी स्कूल सेक्टर-10 में पुलिस की पाठशाला का आयोजन किया। पाठशाला में पंचकूला के एसीपी सुरेंदर कुमार ने विद्यार्थियों को यातायात के नियमों के प्रति जागरूक किया। उन्होंने कहा कि बाइक सवार चालान से बचने की बजाय हेलमेट को सुरक्षा के लिए पहनें। अगर चालक सही तरीके से हेलमेट पहनकर स्पीड लिमिट में बाइक चलाएंगे तो एक्सीडेंट होने पर भी उनका बचाव होगा। कार चालकों को सीट बेल्ट जरूर लगाना चाहिए, क्याेंकि किसी भी दुर्घटना के समय सीट बेल्ट लगी होने पर एयर बैग खुल जाते हैं।
इसके अलावा उन्होंने बच्चों को साइबर से बचाव के लिए भी जागरूक किया। उन्होंने कहा कि कभी भी साइबर ठगी होने पर तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर फोन करना चाहिए। इसके साथ ही लोगों को 112 नंबर भी डायल करना चाहिए। उन्होंने कहा कि किसी भी साइबर ठग के कहने पर किसी भी एप को डाउनलोड नहीं करना चाहिए। ऐसा करने पर हैकर उनका अकाउंट खाली कर देते हैं। अगर किसी सॉफ्टवेयर और एप की जरूरत नहीं है तो उसे डाउनलोड नहीं करें। डाटा शेयर करने से ही साइबर फ्रॉड होता है। उन्होंने कहा कि शहर की पार्किंग में ही वाहन खड़ी करना चाहिए। अगर लोग सही पार्किंग में गाड़ी खड़ी नहीं करेंगे तो पुलिस की तरफ से इसका चालान किया जाएगा। इस मौके पर पंचकूला के यातायात प्रभारी निरीक्षक सतबीर सिंह, हरियाणा सीनियर सेकेंडरी स्कूल सेक्टर-10 के प्रिसिंपल शैलेश शर्मा उपस्थित भी रहे।
ट्रैफिक की सीख मिली
ट्रैफिक के नियमों की सीख मिली है। इस तरह के कार्यक्रम के माध्यम से हमें अच्छी जानकारी मिली है। अब हम बिना कागज पूरे किए बिना वाहन नहीं चलाएंगे। - दीपेश पाठक, विद्यार्थी
ओवरस्पीड में वाहन नहीं चलाएंगे
कभी भी ओवरस्पीड में वाहन नहीं चलाएंगे। यातायात नियमों की अच्छी जानकारी मिली है। इसके माध्यम से हम अपने घर के लोगों के साथ पड़ोसियों को भी जागरूक करेंगे। - नैना, विद्यार्थी
कभी भी फोन का डाटा शेयर नहीं करेंगे
अपने पुराने फोन का डाटा कभी नहीं शेयर करेंगे। इसकी जानकारी हमें पहली बार हुई है। पाठशाला के माध्यम से हमें साइबर फ्रॉड से बचाव की जानकारी मिली है।
भैरव राजपूत, विद्यार्थी
हेल्पलाइन नंबर की जानकारी मिली
हेल्पलाइन नंबर की जानकारी के माध्यम से हमें अपनी सुरक्षा करना आसान हुआ है। अब मैं हमेशा लोगों को जागरूक करूंगी। पुलिस की पाठशाला में महत्वपूर्ण जानकारियां मिली हैं। सीमा, विद्यार्थी