कालका। आयशर स्कूल द्वारा करियर फेस्ट एवं दिवाली मेला-2026 ‘उत्सव’ का भव्य आयोजन किया गया। इसमें 1200 से अधिक लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पूरा स्कूल परिसर शिक्षा, मनोरंजन और दिवाली की रौनक से गुलजार नजर आया।
करियर फेस्ट में 16 से अधिक प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों ने हिस्सा लेकर विद्यार्थियों और अभिभावकों को उच्च शिक्षा, विभिन्न पाठ्यक्रमों और करियर के अवसरों की जानकारी दी। विश्वविद्यालयों के प्रतिनिधियों और विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन भी किया।
विज्ञापन
वहीं, दिवाली मेले में खान-पान, मनोरंजक खेल, मेहंदी, नेल आर्ट, हस्तशिल्प और सजावट के स्टॉल आकर्षण का केंद्र रहे। सेल्फी बूथ और लकी ड्रॉ ने भी लोगों का खूब मनोरंजन किया। बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी ने मेले का आनंद लिया।
कार्यक्रम के अंत में प्रधानाचार्य दीपक सिंगी ने सभी अतिथियों, अभिभावकों, विद्यार्थियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को करियर के नए अवसरों से जोड़ने के साथ उनके सर्वांगीण विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।