स्वतंत्रता दिवस की फुल ड्रेस रिहर्सल
- फोटो : अमर उजाला
पंचकूला में स्वतंत्रता दिवस समारोह धूमधाम से मनाया जाएगा। इसके लिए जहां एक ओर सेक्टर-5 केे परेड ग्राउंड में स्टूडेंट्स रिहर्सल में जुटे हैं तो दूसरी ओर जिला प्रशासन द्वारा कानून और व्यवस्था के लिए इंतजाम करवाए जा रहे हैं।
सेक्टर-5 स्थित परेड ग्राउंड में 15 अगस्त को आयोजित होने वाले जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियां चल रही हैं।
पुलिस उपायुक्त अनिल धवन, अतिरिक्त उपायुक्त हेमा शर्मा, नगराधीश ममता शर्मा व जिला शिक्षा अधिकारी एचएस सैनी ने तैयारियों का जायजा लिया। पुलिस उपायुक्त अनिल धवन ने मार्च पास्ट में भाग लेने वाली पुलिस, होमगार्ड व स्कूल के बच्चों की टुकड़ियों का निरीक्षण किया और उन्हें दिशा निर्देश दिए। अतिरिक्त उपायुक्त हेमा शर्मा व नगराधीश ममता शर्मा ने स्वतंत्रता दिवस समारोह के अवसर पर होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों में विभिन्न स्कूलों के बच्चों द्वारा किए गए प्रदर्शन का अवलोकन किया और उनमें जरूरत के हिसाब से होने वाले परिवर्तनों के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि 13 अगस्त को फुल ड्रेस रिहर्सल होगी।
ड्यूटी मजिस्ट्रेट किए नियुक्त
उपायुक्त डा. गरिमा मितल ने 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस समारोह के अवसर पर सेक्टर-5 स्थित परेड ग्राउंड व शहीदी स्मारक सेक्टर-12 में कानून एवं व्यवस्था बनाए रखने के लिए ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त करने के आदेश जारी किए हैं। जिलाधीश ने सेक्टर-12 स्थित शहीदी स्मारक क्षेत्र में कानून एवं व्यवस्था बनाए रखने के लिए राजेश पूनिया को ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किया है। नायब तहसीलदार रूपेंद्र सिंह को परेड ग्राउंड पर कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए और खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी विशाल पराशर को सेक्टर-5 स्थित शिक्षा सदन के प्रांगण में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किया है। डीसी द्वारा जारी आदेश में उपमंडल अधिकारी नागरिक पंचकूला को कानून एवं व्यवस्था बनाए रखने के लिए ओवर आल इंचार्ज नियुक्त किया है।