बरवाला। स्पोर्ट्स प्रमोशन सोसाइटी पंचकूला और अश्वनी गुप्ता मेमोरियल ट्रस्ट की ओर से बरवाला खंड के गांव श्याम-टू स्थित मिडल स्कूल खेल ग्राउंड में दो दिवसीय नेशनल कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिसमें 31 टीमों ने भाग लिया।
इस प्रतियोगिता में नानकपुर व बरवाला की टीम के बीच में फाइनल मैच हुआ जिसमें नानकपुर की टीम ने बरवाला की टीम को हराकर ट्रॉफी अपने नाम की। वहीं किरतपुर की टीम ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता में अमन कुमार को बेस्ट रेडर, साहिल को बेस्ट कैचर व अभिषेक को ऑलराउंडर चुना गया।
अश्वनी गुप्ता की याद में सोसाइटी के चेयरमैन ज्ञानचंद गुप्ता की अध्यक्षता में इस प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। प्रतियोगिता के समापन व पारितोषिक वितरण समारोह के अवसर पर समाज सेवक जगमोहन गर्ग ने मुख्य अतिथि के तौर पर शिरकत की।
प्रतियोगिता में प्रथम स्थान पर आने वाली नानपुर की टीम को 51 हजार रुपए की राशि व ट्राफी देकर सम्मानित किया गया। दूसरे स्थान पर आने वाली बरवाला की टीम को 31 हजार रुपए व तीसरे स्थान पर आने वाली किरतपुर की टीम को 21 हजार रुपए का नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर जगमोहन गर्ग ने युवा खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेलों में भाग लेने से आपसी भाईचारा बढ़ता है। साथ ही अन्य अच्छे गुणों का विकास होता है। स्पोर्ट्स प्रमोशन सोसाइटी व अश्वनी गुप्ता मेमोरियल ट्रस्ट के अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता ने कहा कि सोसाइटी का मुख्य उद्देश्य युवा खिलाड़ियों को नशे से दूर रखकर खेलों के प्रति जागरूक करना है।
इस दो दिवसीय खेल प्रतियोगिता में सोसाइटी के सदस्य एनडी शर्मा, डीपी सोनी, वीरेंद्र मेहता, समाजसेवी अमित जिंदल, तेजपाल गुप्ता आदि ने भी अहम सहयोग दिया।
इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष दीपक शर्मा, युवा प्रधान योगेंद्र शर्मा, भाजपा मंडल बरवाला प्रधान गौतम राणा, मार्केट कमेटी के पूर्व चेयरमैन अशोक शर्मा, पार्षद सतवीर चौधरी, हरिंदर मलिक, भाजपा मंडल उपाध्यक्ष शंभू नाथ, गांव श्याम-टू के पूर्व सरपंच जय सिंह, बरवाला सरपंच ओमवीर, पूर्व सरपंच बलजिंदर गोयल, रतेवाली के सरपंच राहुल शर्मा, पूर्व सरपंच रॉकी राम, बीडीसी मेंबर संजू शर्मा, डॉ निरंजन, पहल सिंह टोका, पार्थ गुप्ता, राहुल राणा व राजवीर राणा बतौड़, प्रवीण सैनी, गुरनाम सैनी सुखदर्शनपुर सहित काफी संख्या में आसपास के गांवों के लोग व खिलाड़ी मौजूद थे।