पंचकूला। अनिल भल्ला के खिलाफ कनाडा की पीआर दिलवाने के नाम पर 20 लाख रुपये की ठगी का एक और मामला सामने आया है। सेक्टर-5 पुलिस ने अनिल भल्ला, उसके बेटे आकाश व साहिल भल्ला और नरेंद्र खिल्लन के खिलाफ कई धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। ढकौली निवासी मनीष गर्ग ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 2019 में उनके दोस्त कुलदीप सोनी ने उसको नरेंद्र खिल्लन और अनिल भल्ला से मिलवाया।
मुलाकात के दौरान कनाडा की पीआर की बात चली तो आरोपी ने कहा कि उसके बेटे के पास कनाडा की पीआर है। वह उनको भी कनाडा की पीआर दिलवा देगा। वहां के स्थायी आवास के कागजात भी बनवा देगा। इसके बाद शिकायतकर्ता और आरोपियों के बीच डील हुई और आरोपी ने एक करोड़ रुपये काम करवाने के मांगे। इसमें से 50 लाख पहले और 50 लाख रुपये बाद में दिए जाने की बात हुई। डील के कुछ दिन बाद ही शिकायतकर्ता ने 30 हजार रुपये अनिल भल्ला के बेटे के बैंक खाते में जमा करवाया। इसके बाद आरोपी को 20 लाख रुपये अलग-अलग किश्तों में दिए।
पैसा देने के अलावा आरोपियों ने शिकायतकर्ता, उनकी पत्नी और पिता के ब्लैंक पेपर और ब्लैंक एफिडेविट पेपर पर साइन ले लिए। साथ ही आरोपी ने शिकायतकर्ता के कुछ बैंकों के साइन ब्लैंक चेक बतौर सिक्योरिटी लिए। डील के मुताबिक पैसा देने के दौरान शिकायतकर्ता ने कई बार काम के स्टेटस के बारे में पूछा तो उसे सही जवाब नहीं मिला। इसके बाद उसे आरोपियों पर शक हुआ और वह आरोपी के सेक्टर-4 स्थित घर जा पहुंचा। जहां उसने काम करवाने और काम नहीं होता तो 20 लाख रुपये वापस करने की बात कही। आरोपियों ने शिकायतकर्ता को पैसा वापस नहीं किया और जान से मारने की धमकी दी।
इसके बाद मामले की शिकायत ढकौली पुलिस को दी लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। इसके बाद आरोपियों ने घर में घुसकर शिकायतकर्ता की पत्नी के साथ मारपीट की। यहां तक कि शिकायतकर्ता के पिता के साथ भी आरोपियों ने मारपीट की। बावजूद इसके पुलिस की तरफ से कोई कार्रवाई नहीं की गई। कुछ दिन बाद आरोपियों ने शिकायतकर्ता के खिलाफ ढकौली थाने में शिकायत दी और पुलिस ने शिकायतकर्ता के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। आरोपी अनिल भल्ला के खिलाफ पंचकूला पुलिस की कार्रवाई देख आरोपी ने सेक्टर -5 थाने में शिकायत दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।